टनकपुर (चंपावत)।
मां पूर्णागिरि के दर्शन को आए बदायूं के एक श्रद्धालु युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शारदा किनारे शव बरामद हुआ है। युवक की जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त हुई। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दे दी है। अलबत्ता खबर लिखे जाने तक युवक के परिजन टनकपुर नहीं पहुंचे थे।
शुक्रवार सुबह पुलिस को श्मशान घाट के पास शारदा किनारे नदी में एक शव उतराता नजर आने की सूचना मिली। इस पर मौके में पहुंची पुलिस ने शव नदी से बाहर निकालकर कब्जे में लिया। पुलिस उसके नहाते समय नदी में डूबने एवं शव बहकर आने का अनुमान लगा रही है, लेकिन युवक के कपड़े पहने होने से पुलिस का यह अनुमान लोगों में संदेह पैदा कर रहा था। कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि मृतक की जेब से मिले आधार में दर्ज पहचान के मुताबिक वह सुखवीर सिंह (21) पुत्र पप्पू सिंह निवासी यूसुफ नगर बदायूं का रहने वाला है। बदायूं पुलिस के माध्यम से सुखवीर के परिजनों से संपर्क कर उन्हें घटना से अवगत कराया गया है। परिजनों से मोबाइल पर हुई वार्ता का हवाला देते हुए कोतवाल वर्मा ने बताया कि सुखवीर के माता-पिता बरेली में रहते है। उसके आधार कार्ड में दर्ज पते पर उसके रिश्तेदार रहते हैं। संभवत: उसने रिश्तेदारों के पते पर अपना आधार कार्ड बनवाया था। कोतवाल ने बताया कि परिजनों के मुताबिक सुखवीर मानसिक रूप से कमजोर भी था और वह पूर्णागिरि के दर्शन को आया था।