टनकपुर (चंपावत)। चोरों ने रविवार की रात को शहर से लगी विष्णुपुरी कालोनी में एक घर का ताला तोड़कर पांच तोले सोने के आभूषण और 25 हजार की नकदी साफ कर ली। चोरी करने से पहले आसपास के घरों दरबाजों को बाहर से कुंडा लगाकर लॉक कर दिया। मामले में अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई है। अलबत्ता पुलिस की अलग-अलग टीमें चोरों की सुराग लगाने में जुट गई है। इस घटना से क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। लोगों ने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विष्णुुपुरी कालोनी निवासी प्रेमदत्त शर्मा का परिवार रविवार को मकान में ताला लगाकर किसी कार्य से बाहर गया हुआ था। इसी का फायदा उठाते हुए चोरों ने रात को उनके मकान के मुख्य दरबाजे का ताला तोड़ दिया। घर के अंदर घुसकर सिर्फ अलमारी के लॉकर को निशाना बनाया। लॉकर में रखी सोने की दो चूड़ियां, दो नेकलेस, दो मंगलसूत्र, चार अंगुठियां समेत करीब तीन लाख के सोने आभूषण व पच्चीस हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। चोरों ने घटना को अंजाम देने से पहले आसपास के घरों के दरवाजों का भी बाहर से कुंडा लगा दिया, ताकि कोई बाहर न निकल पाए।
सोमवार की सुबह जैसे ही शहर से लगी विष्णुपुरी कालोनी में चोरी की घटना का पता चलते ही क्षेत्र में खलबली मच गई। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। थोड़ी देर में सीओ आरएस रौतेला व कोतवाल अरुण कुमार वर्मा भी मय फोर्स के मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का जायजा ले आसपास के लोगों से पूछताछ की। सूचना के बाद वापस लौटे गृह स्वामी प्रेम दत्त शर्मा ने बताया कि बेटे की शादी की बात चल रही थी, जिसके चलते उसने अपनी जमा पूंजी से स्वर्ण आभूषण बनवाए थे, जो चोर उड़ा ले गए। सीओ आरएस रौतेला ने बताया कि पीड़ित गृह स्वामी द्वारा फिलहाल घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गए है।
घर के पास खड़ी कार से भी टेप चुराया
टनकपुर। रविवार की रात चोरों ने घसियारा मंडी निवासी विनोद पाल पुत्र श्याम लाल पाल के वाहन को भी निशाना बनाया है। कोतवाली में दी तहरीर में विनोद ने कहा है कि उसकी अल्टो कार (यूके 03 टी ए/0390) घर के पास खड़ी थी, जिसका लॉक तोड़कर चोरों ने कार में लगा सोनी कंपनी टेप चुरा लिया।
एन वक्त पर दगा दे गई तीसरी आंख
टनकपुर। चप्पे-चप्पे पर नजर रखने का दावा कर शहर में लगाई गई तीसरी आंख भी एन वक्त पर दगा दे गई। पुलिस अब घटना स्थल के आसपास के निजी प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल कर चोरों का पता लगाने में जुटी है। सीओ आरएस रौतेला के मुताबिक पीलीभीत चुंगी चौराह पर लगाए गए सीसी टीवी कैमरे को खंगाने का प्रयास किया गया तो वहां लगे सीसी कैमरों का कनेक्शन कटा मिला। घटना स्थल के एकदम पासस एबीसी अल्मा मैटर स्कूल में लगा सीसी कैमरा भी बिजली न होने से बंद पड़ा था। अब पाटनी इलेक्ट्रानिक्स व खर्कवाल इंटर प्राइजेस में लगे निजी सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है।
चोरी की नीयत से घर में घुसा गिरफ्तार
पिथौरागढ़। नगर के ऐंचोली क्षेत्र में चोरी की नीयत से एक घर में घुसे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बलुवाकोट क्षेत्र निवासी जगदीश सिंह चोरी की नीयत से दीपक चंद्र के घर में घुस गया। भवन स्वामी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी जगदीश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 454, 380, 511 के तहत मामला दर्ज किया गया है। ब्यूरो