टनकपुर (चंपावत)। प्रशासन के नोटिस के बाद भी शहर के गांधी मैदान की तोड़ी गई चहारदीवारी नहीं बनाने पर डीएम के निर्देश पर पालिका के ईओ ने रामलीला कमेटी के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
पालिका प्रशासन के मुताबिक रामलीला कमेटी ने तीन अक्तूबर को राजकीय अवकाश के दिन शहर के गांधी मैदान की पोस्ट आफिस छोर की चहारदीवारी तोड़ी जा रही थी, पता चलने पर ईओ जयवीर सिंह राठी के निर्देश पर पालिका के कर्मचारी शकुन सक्सेना ने श्रमिकों के औजार जब्त कर काम रुकवा दिया था।
सूचना पर पालिका के प्रभारी अधिकारी/एसडीएम अनिल गर्ब्याल ने मौके का निरीक्षण कर रामलीला कमेटी को नोटिस भेजा और 24 घंटे में दीवार का निर्माण कराने को कहा, लेकिन कमेटी ने दीवार नहीं बनाई। शनिवार को चंपावत से देहरादून जाते वक्त यहां पर्यटक आवास गृह में अल्प विश्राम के लिए रुके डीएम एसएन पांडेय ने ईओ को जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस पर ईओ ने रामलीला कमेटी के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की तहरीर मिली है, जिसकी छानबीन कराई जा रही है। उधर, रामलीला कमेटी अध्यक्ष प्रतिभा अग्रवाल ने कहा कि चहारदीवारी की मरम्मत जल्द करा दी जाएगी।