लोहाघाट (चंपावत)। करीब आठ महीने पहले हुई मारपीट के मामले में आरोपी लोहाघाट के पाटन-पाटनी निवासी एक युवक को पुलिस ने अदालत के आदेश के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश के न्यूरिया थाने में मामला दर्ज किया गया था। घटना स्थल लोहाघाट होने के कारण इसे विवेचना को यहां स्थानांतरित किया है।
थाना प्रभारी बीएस बृजवाल ने बताया कि एक निजी कंपनी के तार बिछाने के लिए पिछले साल पीलीभीत से कई मजदूर यहां आए हुए थे। इन मजदूरों के साथ राम सिंह (30) पुत्र कन्हैया लाल भी मजदूरी करता था। राम सिंह पहले पाटन-पाटनी निवासी गंगा सिंह पाटनी के यहां काम करता था। किसी मामले को लेकर दोनों के बीच 6 जुलाई 2017 को मारपीट हुई। मारपीट में राम सिंह के सिर में गंभीर चोटें आ गई। इलाज के दौरान राम सिंह की पीलीभीत में मौत हो गई।
मृतक के भाई कांता प्रसाद ने आठ जुलाई को न्यूरिया थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 323 व 304 का मुकदमा दर्ज हुआ था। घटना स्थल थाना लोहाघाट के अंतर्गत होने के कारण विवेचना को लोहाघाट स्थानांतरित किया गया। एसओ ने बताया कि शुक्रवार को जांच अधिकारी देवेंद्र मेहता के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने मायावती तिराहे के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से आरोपी गंगा सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।