बनबसा (चंपावत)। प्रशासन की संयुक्त टीम ने नेपाल-भारत के बीच नियमविरुद्ध चल रही नेपाल की पांच बसों का चालान कर 28 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। इसके अलावा दो वाहन चालकों पर शराब पीकर वाहन चलाने पर कार्रवाई की गई।
नेपाल-भारत के बीच अवैध रूप से संचालित हो रही कुछ बसों से रोडवेज के टनकपुर डिपो को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। वहीं, बनबसा व्यापार मंडल भी नेपाल-भारत के बीच अवैध रूप से संचालित हो रहे सवारी वाहनों से कारोबार प्रभावित होने की शिकायत कई बार प्रशासन से करता आ रहा है। इसी के तहत शुक्रवार देर शाम एआरटीओ वीके सिंह के नेतृत्व में रोडवेज के एआरएम केएस राना, शारदा बैराज चौकी प्रभारी एसआई गोविंद सिंह द्वारा संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान नेपाल-भारत के बीच संचालित हो रही बसों में परमिट आदि में अनियमितता पाए जाने पर पवन दूत व्यवसाय समिति समेत अन्य चार बसों का चालान किया गया। एआरटीओ ने बताया कि एक बस पर आठ हजार तो शेष चार बसों पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा शनिवार को शराब पीकर वाहन चलाने के जुर्म में एक चालक का टनकपुर और एक का बनबसा में चालान किया गया है। एमवी एक्ट के उल्लंघन में 14 वाहनों का चालान किया गया है। अभियान में आरटीओ विभाग के आनंद, राजू तिवारी, रोडवेज के संतोष गुप्ता, ओमप्रकाश आदि शामिल थे।