साइबर अपराधियों ने इस बार एक पुलिस कर्मी को अपने झांसे में लेकर उसके खाते से 34 हजार रुपये निकाल लिए हैं। पीड़ित पुलिस कर्मी ने ठगी की शिकायत कोतवाली में की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दिया है।
अल्मोड़ा जिले के सल्ट निवासी मेहरबान सिंह चंपावत में पुलिस विभाग में तैनात हैं। रविवार सुबह उन्हें एक मोबाइल नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने बातों-बातों में पुलिस कर्मी से पंजाब नेशनल बैंक के खाते में खामी बताते हुए एटीएम का नंबर पूछा। एटीएम का नंबर मालूम करने के बाद साइबर अपराधियों ने दो बार में 34 हजार रुपये निकाल लिए। पहली बार में 30 हजार रुपये और दूसरी बार में 4 हजार रुपये निकाले जाने का मोबाइल में संदेश आने से पुलिस कर्मी मेहरबान सिंह सकते में आ गए। उन्होंने तुरंत बैंक के नंबर पर फोन कर एटीएम को बंद कराया। फिर जिस नंबर से फोन आया था, उसी नंबर पर उन्होंने फोन किया, मगर साइबर अपराधियों ने फोन रिसीव नहीं किया। कर्मी की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।