टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर-जौलजीबी मोटर मार्ग के पैकेट टू निर्माण का ठेका आवंटन में अनियमितता के मुकदमे की जांच ने गति पकड़ ली है। सोमवार को जांच अधिकारी कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने आरोपी ठेकेदार दलीप सिंह अधिकारी से एक घंटे तक पूछताछ कर बयान दर्ज किए। ठेकेदार ने खुद को निर्दोष बताते हुए राजनीतिक दबाव में उसे फंसाने की बात कही है। इधर जांच अधिकारी ने कार्यदायी विभाग पीआईयू (परियोजना क्रियान्वयन इकाई) के ईई, एई समेत चार अधिकारियों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा है।
गौरतलब है कि निर्माणाधीन टनकपुर-जौलजीबी मोटर मार्ग के पैकेज टू यानि किमी. 30.6 से किमी. 55 तक पैकेट टू के निर्माण कार्य का ठेका आवंटन में अनियमितता का मामला उजागर होने के बाद लोक निर्माण विभाग के विभागाध्यक्ष एचके उप्रेती के आदेश पर कार्यदायी विभाग पीआईयू के ईई आरके पुनेठा ने ठेकेदार दलीप सिंह के खिलाफ गत 21 मार्च को टनकपुर कोतवाली में धारा 420, 467, 468 व 471 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। मामले की जांच कोतवाल अरुण कुमार वर्मा द्वारा की जा रही है। ठेका आवंटन से संबंधित पत्रावलियों का अवलोकन करने के बाद जांच अधिकारी कोतवाल वर्मा ने सोमवार को आरोपी ठेकेदार दलीप सिंह अधिकारी से गहन पूछताछ की।
इस दौरान उन्होंने 6 सितंबर 2016 को आमंत्रित की गई निविदा से संबंधित पत्रावलियों की फाइल का भी अवलोकन किया। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी ठेकेदार ने किसी भी अनियमितताओं के लिए विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदार बताया है। उसके बयान के आधार पर कार्यदायी विभाग पीआईयू के ईई, एई समेत चार अधिकारियों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा गया है। कोतवाल ने बताया कि फिलहाल पत्रावलियों का अवलोकन, पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उसके बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।