चंपावत। शादी का झांसा देकर एक छात्रा से दुष्कर्म करने के आरोपित सैन्यकर्मी को आत्मसमर्पण के लिए पुलिस ने 24 जनवरी तक 10 दिन की मोहलत दी है। बाहरी राज्य में तैनात चंपावत जिला मुख्यालय के चौकी ग्राम पंचायत निवासी सैन्यकर्मी पर मुकदमा दर्ज हुआ है।
पाटी ब्लॉक क्षेत्र निवासी स्नातक की छात्रा का आरोप है कि चौकी निवासी सैन्यकर्मी रंजीत बोहरा ने करीब चार साल से शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर धमकी देने का भी आरोप है। कोतवाली पुलिस ने आईपीसी की धारा 376 के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
कोतवाल शांति कुमार गंगवार ने बताया कि आरोपित सैन्यकर्मी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने कई जगह दबिश दी लेकिन आरोपित सैन्यकर्मी को दबोचा नहीं जा सका है। अब पुलिस ने आरोपी को 24 जनवरी तक आत्मसमर्पण करने की मोहलत दी गई है। कोतवाल ने बताया कि नियत समय सीमा के बाद भी आत्मसमर्पण न करने पर आरोपी को सेना की मदद से हिरासत में लिया जाएगा।
ईओ के तबादले के साथ प्राथमिकी का मामला खत्म
चंपावत। कोतवाली पुलिस की ओर से नगर पालिका अध्यक्ष और सभासदों और ईओ के बीच हुए विवाद में दर्ज प्राथमिकी का मामला ईओ भूपेंद्र प्रकाश के गरुड़ तबादले के साथ खत्म हो गया है। कोतवाल शांति प्रसाद गंगवार ने बताया कि करीब दो माह पूर्व पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा और सभासदों और ईओ भूपेंद्र प्रकाश जोशी के बीच हुए विवाद में दोनों पक्षों की ओर से कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी लेकिन इस बीच ईओ भूपेंद्र जोशी के बागेश्वर के गरुड़ में स्थानांतरित होने के कारण मामले को खारिज कर दिया गया है।
पॉलिथीन पर दो दुकानदारों का किया चालान
लोहाघाट (चंपावत)। नगर पालिका के ईओ मो. इस्लाम ने कार्यभार ग्रहण करते ही पॉलिथीन के प्रयोग पर कार्यवाही शुरू कर दी है। पॉलिथीन का प्रयोग करने वाले दो दुकानदारों पर जुर्माना लगाया है। ईओ मो. इस्लाम ने बताया कि नगर में पॉलिथीन के लिए स्टेशन बाजार, खड़ीबाजार, शीतलामाता मंदिर मार्ग आदि स्थानों में दुकानों में छापे मारे। इसमें दो दुकानों में दुकानदारों के पास पॉलिथीन बरामद की गई। दोनों का 15 सौ रुपये का चालान किया गया। ईओ ने व्यापारियों से पॉलिथीन का प्रयोग न करने की हिदायत दी। अभियान में प्रमोद महर, सुमित गड़कोटी आदि साथ थे।
मो. इस्लाम बने लोहाघाट पालिका के अधिशासी अधिकारी
लोहाघाट (चंपावत)। नगर पालिका परिषद लोहाघाट में नवागत अधिशासी अधिकारी मो. इस्लाम ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। पंचायत कर्मियों ने नवागत ईओ का स्वागत किया। यहां के ईओ कमल कुमार का स्थानांतरण नानकमत्ता के लिए हुआ है। चेयरमैन गोविंद वर्मा के नेतृत्व में नवागत ईओ मो. इस्लाम का स्वागत किया गया। ईओ मो. इस्लाम जसपुर से स्थानांतरण होकर आए हैं। नवागत ईओ ने कहा कि नगर में अतिक्रमण रोकना, सुविधाओं का विस्तार, समस्याओं का समाधान कर पॉलिथीन उन्मूलन के लिए कार्य करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने नगर के लोगों स्वच्छ बनाने में पालिका का सहयोग करने के लिए कहा। इस मौके पर सभासद राजकिशोर साह, मीना ढेक, नवीन नाथ, दीपक साह, भुवन बहादुर, भुवन उपाध्याय, एलएम भट्ट आदि मौजूद रहे।