चंपावत। जिले में स्वास्थ्य विभाग ने जांच बढ़ाई तो कोरोना संक्रमण भी बढ़ने की पुष्टि हुई है। विभागीय जागरूकता कार्यक्रम के बाद जिले की दियूरी ग्राम पंचायत के ग्रामीण जांच कराने आ रहे हैं।
कुल 1300 मतदाताओं वाली दियूरी की आबादी डेढ़ हजार से अधिक है। इनमें से करीब 500 से अधिक ग्रामीणों की जांच की जा चुकी है। इनमें से 100 से अधिक ग्रामीण संक्रमित पाए जा चुके हैं। इन संक्रमित लोगों को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
दियूरी ग्राम पंचायत में दियूरी, बेलखेत, नैक्याना, कठौल आदि गांव आते हैं। जिला अस्पताल के डॉ. मनीष बिष्ट ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने दियूरी में जागरूकता अभियान चलाया था। क्षेत्र पंचायत सदस्य सुंदर सिंह बोहरा के नेतृत्व में आइसोलेट लोगों तक मास्क, सैनिटाइजर बांटकर कोविड नियमों की जानकारी दी जा रही है।
चंपावत। जिले में कोरोना संक्रमण बढ़ने पर 30 स्थानों को माइक्रो कंटेनमेंट जोन (एमसीजेड) बनाए जा चुके हैं। तहसीलदार ज्योति धपवाल ने बताया कि एमसीजेड में आवाजाही प्रतिबंधित की गई है। वहां रहने वाले लोगों के लिए खाद्यान्न आदि की आपूर्ति के लिए पूर्ति निरीक्षक को निर्देशित किया गया है।