भारत-नेपाल अधिकारियों की बैठक में दोनों देशों के अधिकारियों ने एक दूसरे के साथ सूचनाओं के आदान-प्रदान करने पर सहमति जताई। सीमा पर होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में एक दूसरे मुल्क को सहयोग करने की बात भी हुई। पिछली बैठकों में रखी गई विभिन्न समस्याओं के निस्तारण पर चर्चा हुई।
एनएचपीसी अतिथि गृह में जिलाधिकारी डॉ. अहमद इकबाल की अध्यक्षता में हुई दोनों देशों के अधिकारियों की बैठक में आपसी तालमेल बनाने और भारत नेपाल मैत्री को प्रगाढ़ बनाने पर विचार हुआ। जिलाधिकारी ने बताया कि फिलहाल यह बैठक परिचय और आपसी समन्वय के तहत आयोजित की गई थी।
सीमा क्षेत्र में आए दिन पैदा होने वाली समस्याओं के निस्तारण को कमेटी गठित करने का सुझाव रखा गया। कुछ समस्याएं भारत और नेपाल सरकारों द्वारा हल की जानी हैं जिनमें सीमा पिलर, नो मैंसलैंड पर अतिक्रमण आदि शामिल हैं। बैठक में एसपी डीएस कुंवर, एसडीएम नरेश चंद्र दुर्गापाल, सीओ राजन सिंह रौतेला, थानाध्यक्ष विनोद यादव, एलआई प्रभारी भाष्कर बडोला, एसएसबी के डीआईजी एके दास, कमांडेंट केसी राना के अलावा नेपाल के जिलाधिकारी (सीडीओ) मनोहर प्रसाद खनाल, एपीएफ के डीआईजी राजेश श्रेष्ठा, एसपी तारादत्त पंत आदि मौजूद थे।