चंपावत। जिला सभागार में पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) के शैक्षिक, प्रशासनिक और विकास कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति (वीएमसी), विद्यालय सलाहकार समिति (वीएसी) और जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति (डीएलएमसी) की बैठक हुई। बैठक में डीएम मनीष कुमार ने कहा कि बच्चों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें वास्तविक जीवन से जोड़ना आवश्यक है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कमल तिवारी ने बताया कि वर्तमान में जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 6 से 12 तक कुल 500 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनमें 306 बालक एवं 194 बालिकाएं हैं। डीएम ने विद्यालय के शैक्षणिक प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए सभी विषयों के परिणामों में और सुधार लाने के निर्देश दिए। विशेष रूप से गणित विषय के परिणामों को और बेहतर करने पर बल दिया। उन्होंने विद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य पर नियमित काउंसिलिंग करने, आउटडोर गतिविधियां बढ़ाने और साइबर सुरक्षा पर विशेष सत्र आयोजित करने के निर्देश दिए।
एडीएम केएन गोस्वामी ने कहा कि शिक्षा को शारीरिक केंद्रित नहीं बल्कि मस्तिष्क केंद्रित बनाया जाए। इसके अलावा विद्यार्थियों की मूल अवधारणाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। बैठक में सीईओ मेहरबान सिंह बिष्ट, एसीएमओ डॉ. इंद्रजीत पांडे, डीएसओ प्रियंका भट्ट, वीएमसी, वीएसी और डीएलएमसी के सदस्य आदि मौजूद रहे।