विकास प्राधिकरण के विरोध में पदयात्रा करते कांग्रेस कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
जिला विकास प्राधिकरण के खिलाफ शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल के नेतृत्व में बनबसा से टनकपुर तक पद यात्रा कर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास प्राधिकरण के नाम पर राज्य की जनता पर काला कानून थोपने का काम किया है। प्राधिकरण के नियमों का खौफ दिखाकर लोगों से अवैध वसूली की जा रही है।
पाटनी तिराह से शुरू हुई पदयात्रा बनबसा नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरने के बाद टनकपुर को रवाना हुई। पूर्व विधायक खर्कवाल ने कहा कि क्षेत्र में 85 प्रतिशत से अधिक भूमि भूमिधरी नहीं है। ऐसे में जनता को प्राधिकरण के नियमों से खासी परेशानियां झेलनी पड़ रही है। जनता के हित में विकास प्राधिकरण तुरंत निरस्त किया जाना चाहिए।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस इसका तब तक विरोध करेगी जब तक यह प्राधिकरण खत्म नहीं किया जाएगा। टनकपुर में एसडीएम दयानंद सरस्वती को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंप कर यात्रा समाप्त हुई। राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में विकास प्राधिकरण को जल्द समाप्त कराए जाने का आग्रह किया गया है।
पद यात्रा में टनकपुर नगर अध्यक्ष अनिल चौधरी, सभासद अमित भट्ट, फिरोज खान, महेश चंद, हरीश उप्रेती, कै. हरीश कापड़ी, पूर्व प्रधान निर्मला मौनी, ग्राम प्रधान गिरधारी लाल, दीपक जोशी, ब्लाक अध्यक्ष रमेश चंद, सुनील थ्वाल, शमशेर चंद, दीपेंद्र चंद, गोविंद चंद, जगदीश चंद, अनिल प्रसाद सिन्हा आदि कार्यकर्ता शामिल थे।