टनकपुर-पिथौरागढ़ के बीच निर्माणाधीन बारहमासी सड़क में निर्माण कार्यों में घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। जुलूस की शक्ल में कलक्ट्रेट पहुंचे कार्यकर्ताओं ने डीएम को ज्ञापन सौंप सड़क निर्माण कार्य में लगी कार्यदायी कंपनियों पर नियमों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने जनहित की उपेक्षा होने पर उग्र आंदोलन चलाने की चेतावनी भी दी।
जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह देव के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण खंड की अनुबंधित कंपनियों की ओर से सड़क कटिंग में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में गोचर, पनघट की जमीनें, ग्रामीण रास्ते, पेयजल योजनाएं, सिंचाई गूलें, नहर एवं किसानों की नाप जमीन, वन पंचायतों, नदी, नालों में, आवासीय घरों में तथा खेती की जमीन में बरसात के समय मलबा आने का खतरा बढ़ जाएगा। कार्यकर्ताओं ने निर्धारित डंपिंग जोन के स्थान में खाई में मलबा फेंकने पर रोक लगाने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
प्रदर्शन करने वालों में नगर अध्यक्ष विजय वर्मा, चंपावत सहकारी समिति अध्यक्ष विकास साह, उमेश खर्कवाल, विपिन जोशी, सूरज प्रहरी, विमल पांडेय, अंकित खर्कवाल, नारायण सिंह, केदार सिंह बिष्ट, पूरन कठायत सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।