चंपावत में राशन न मिलने की शिकायत को लेकर कलक्ट्रेट पहुंचा दिव्यांग खुशाल सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
पाटी ब्लाक के गोली गैन्यूड़ा बिरगुल निवासी एक दिव्यांग ने डीएम से सस्ते गल्ले की दुकान से निर्धारित मात्रा से कम राशन मिलने की शिकायत की है। दिव्यांग खुशाल सिंह बिरगुल से 45 किलोमीटर का सफर तय कर जिला मुख्यालय पहुंचा। उन्होंने बताया कि सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता पिछले कई सालों से उन्हें तय मात्रा से कम राशन देता है। इसकी शिकायत कई बार पूर्ति विभाग के अधिकारियों से की गई।
लेकिन राशन डीलर अब भी उन्हें कम राशन देता है। उन्होंने बताया कि उन्हें तय मात्रा से 5 से 6 किलोग्राम कम राशन मिलता है, जिससे परिवार का भरण पोषण करने में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
जांच में दोषी मिलने पर होगी कार्रवाई
चंपावत। जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि दिव्यांग खुशाल सिंह की शिकायत का संज्ञान लेकर उन्होंने जांच के आदेश दे दिए हैं। दोषी पाए जाने पर राशन डीलर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।