चंपावत। जिला मुख्यालय के राजकीय इंटर कॉलेज में सोमवार को जिला स्तरीय इंस्पायर अवार्ड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिलेभर के बाल वैज्ञानिकों ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। इससे पूर्व मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय और सीईओ मेहरबान सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। अतिथियों ने बाल वैज्ञानिक को प्रेरित करते हुए नई चुनौतियों का सामना करने के लिए नवाचार की राह अपनाने का आह्वान किया।
जीआईसी के प्रधानाचार्य उमेद सिंह बिष्ट ने कहा कि इंस्पायर अवार्ड मानक कार्यक्रम में चंपावत जिले के बच्चों का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चयन हो चुका है। सह जिला विज्ञान समन्वयक नवीन चंद्र पंत के संचालन में हुए कार्यक्रम में जिला विज्ञान सामान्य ललित मोहन बोहरा, डॉ. गरिमा, डॉ. कुणाल किशोर, डॉ. अनिल कुमार मिश्रा ने विचार रखे। इस मौके पर नरेश जोशी, मनोज कुमार जोशी, सुरेश राम आर्य, अनीस अहमद, लीला बिष्ट आदि मौजूद रहे।