चंपावत। खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी के नेतृत्व में बेकरी, सब्जी दुकानों और होटलों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान एक जनरल स्टोर में रखे गए एक्सपायरी डेट के चिप्स और खाद्यान्न तेल को नष्ट कराया गया। उन्होंने पिथौरागढ़ रोड पर स्थित एक बेकरी में गंदगी पाई, यहां दरवाजे और खिड़कियों में जाली नहीं लगी थी। यही नहीं पुराना सामान भी बेकरी के अंदर ही रखा था, जिसे तत्काल हटाने और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने मुख्य बाजार में पांच सब्जियों की दुकानों का निरीक्षण किया तथा वहां बिकने के लिए रखे गए सड़े आम और अन्य सब्जियों को नष्ट कराया। उन्होंने दो रेस्टोरेंटों का निरीक्षण भी किया तथा उनके किचन में जाकर साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने रेस्टोरेंट स्वामियों को शाकाहारी एवं मांसाहारी भोजन अलग-अलग रखने और कूड़ेदान लगाने के निर्देश दिए।