लोहाघाट (चंपावत)। जीजीआईसी में राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद के सहयोग से 24वीं जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन शुरू हुआ। राजकीय पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. केकेएस नेगी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कहा कि ये आयोजन वैज्ञानिक प्रतिभाओं को उभारने, उनमें वैज्ञानिक सोच पैदा करने का जरिया हैं।
जिलेभर के 35 स्कूलों के 150 बाल वैज्ञानिकों ने संसाधरणीय विकास हेतु विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के अंतर्गत उप विषय प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, खाद्य एवं कृषि, ऊर्जा, स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण, जीवन पद्धति एवं आजीविका, आपदा प्रबंधन पर शोध पत्र प्रस्तुत किए। छात्राओं ने स्वागत गीत भी प्रस्तुत किए।
मेजबान कॉलेज की प्रधानाचार्या मीना शुक्ला की अध्यक्षता में हुए आयोजन में जिला समन्वयक नरेश जोशी, डॉ. सुनील पांडेय ने कहा कि बाल विज्ञान कांग्रेस के जरिए गांव स्तर से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक प्रतिभा प्रदर्शन का मौका मिलता है। विशिष्ट अतिथि पर्यवेक्षक डॉ. बीपी ओली, अकादमिक समन्वयक डॉ. कमलेश भाकुनी, बीईओ महावीर चौधरी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से बाल वैज्ञानिकों को अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन करने का मंच मिलता है।
ब्लॉक समन्वयक राजेंद्र गड़कोटी, हिमांशु उप्रेती, गौरीशंकर जोशी, प्रदीप जोशी, इंदुवर जोशी की देखरेख में में बाल वैज्ञानिकों ने शोध पत्र प्रस्तुत किए। निर्णायक डॉ. हरीश अधिकारी, डॉ. सुधाकर जोशी, जगदीश अधिकारी, सुंदर नाथ, इंद्र लाल वर्मा, नवीन पांडेय ने शोध परियोजनाओं का मूल्यांकन किया। आयोजन में योगिता पचौली, प्रमोद पाटनी ने सहयोग किया।
बाल विज्ञान कांग्रेस के परिणाम रविवार को घोषित किए जाएंगे। इनमें से नौ बाल वैज्ञानिकों का चयन राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस के लिए किया जाएगा। चयनित बाल वैज्ञानिक 29, 30 नवंबर को उत्तरकाशी में होने वाले राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में हिस्सा लेंगे।