चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को चंपावत जिले के भ्रमण पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 9:45 बजे हेलीकॉप्टर से टनकपुर स्टेडियम में बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे। वहां कार से कार्यक्रम स्थल रोडवेज डिपो टनकपुर पहुंचेंगे।
डीएम नवनीत पांडे ने बताया कि मुख्यमंत्री टनकपुर रोडवेज बस टर्मिनल, डिपो वर्कशॉप बिल्डिंग, रीजनल वर्कशॉप बिल्डिंग और टायर शॉप निर्माण कार्य का भूमि पूजन करेंगे। उसके बाद वह कार्यक्रम स्थल पर 11 बजे से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। इसके मुख्यमंत्री 11:50 बजे कार्यक्रम स्थल से प्रस्थान कर दोपहर 12 बजे स्टेडियम हेलीपैड टनकपुर पहुंचेंगे और स्टेडियम से 12:05 बजे हेलीकॉप्टर से नैनीताल प्रस्थान करेंगे।
टनकपुर में होगा आईएसबीटी की भूमि का पूजन पर बस स्टेशन के लिए तरसा बनबसा
चंपावत। रोडवेज के नजरिये से रविवार का दिन टनकपुर के लिए खास होगा। 26 नवंबर को आईएसबीटी (अंतरराज्यीय बस टर्मिनल) का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भूमि पूजन करेंगे। वहीं टनकपुर से 12 किमी दूर बनबसा रोडवेज के एक बस स्टेशन के लिए तरस गया है। बनबसा के बस स्टेशन की मुख्यमंत्री की घोषणा के चार साल बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। बस स्टेशन की जमीन को लेकर अनापत्ति नहीं मिल पाने से ये नौबत आई है।
नेपाल की सरहद से लगा बनबसा न सिर्फ ऊधमसिंह नगर की सीमा पर है बल्कि जिले का प्रवेशद्वार भी है। नेपाल जाने के लिए प्रदेश का अकेला वैध सड़क मार्ग बनबसा होकर ही जाता है। बनबसा के अलावा नेपाल के यात्री भी बड़ी संख्या में भारतीय बस पर आश्रित रहते हैं। इसके मद्देनजर 23 अक्तूबर 2019 को तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बनबसा के बस स्टेशन का एलान किया था।
इसके लिए बनबसा में चूनाभट्टा के पास आठ बीघा जमीन चिह्नित की गई है लेकिन चार साल बीतने के बावजूद काम शुरू होना तो दूर जमीन का हस्तांतरण तक नहीं हो सका है। चूनाभट्टा की जमीन को अभी तक वन अनापत्ति नहीं मिल सकी है। इस कारण काम अटका हुआ है।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़ी होती हैं बस
चंपावत। बनबसा में बस स्टेशन नहीं होने से बस खड़ी करने में दुश्वारी आती है। इस समय यहां रुकने वाली बस सड़क पर खड़ी होती हैं। सड़क पर बस पार्क होने से कई बार जाम भी लगता है। साथ ही यात्रियों के लिए भी कोई सुविधा नहीं है। बनबसा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर वर्ष 2005 में छोटा बस प्रतीक्षालय खोला गया लेकिन इसकी भी हालत वर्तमान में बेहद खराब है। संवाद
कोट
बनबसा के बस स्टेशन के लिए जमीन चिह्नित की गई है। वन, राजस्व और परिवहन निगम का संयुक्त सर्वे के बाद वन विभाग की अनापत्ति के लिए पत्रावली भेजी गई है। जमीन के परिवहन निगम को हस्तांतरित होने के बाद आगे की कार्यवाही होगी। हस्तांतरण अंतिम चरण में है। - पवन मेहरा, महाप्रबंधक, रोडवेज, टनकपुर क्षेत्र।