टनकपुर छीनीगोठ में अच्छी खबर की इंतजार करते सुरंग में फंसे पुष्कर सिंह ऐरी की मां गंगा देवी और
टनकपुर (चंपावत)। उत्तरकाशी में निर्माणाधीन सिलक्यारा सुरंग में फंसे टनकपुर छीनीगोठ के पुष्कर सिंह ऐरी के बाहर आने की उम्मीद शनिवार को भी अधूरी रही। उत्तरकाशी में मौजूद पुष्कर के भाई विक्रम सिंह ऐरी ने फोन पर बताया कि पुष्कर से बात हुई है और वह ठीक है। सामान्य खाना खा रहा है।
विक्रम का कहना है कि फंसे लोगों को बाहर निकलने में अभी दो से तीन दिन और लग सकते हैं। विक्रम कहते हैं कि कई बार भरोसा मिलने से और फिर निराशा हाथ लगने से बेचैनी बढ़ रही है। फिर भी सुरंग में फंसे श्रमिकों के परिजन आपस में एक-दूसरे की हिम्मत बांध रहे हैं।
टनकपुर के छीनीगोठ गांव का पुष्कर सिंह ऐरी (24) 40 अन्य श्रमिकों के साथ उत्तरकाशी की निर्माणाधीन सिलक्यारा सुरंग में 12 नवंबर से फंसा हुआ है। टनकपुर में पुष्कर की मां गंगा देवी और पिता राम सिंह बेटे के बाहर निकलने की खबर सुनने को बेताब हैं। पड़ोसी और आसपास के लोग उन्हें हौसला दे रहे हैं।