टनकपुर (चंपावत)। जीआईसी के प्रभारी प्रधानाचार्य से अभद्रता और गाली गलौज करने के आरोप में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शुक्रवार को एसडीएम हिमांशु कफल्टिया ने स्कूल जाकर हालात का जायजा लिया और उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया।
आरोप है कि प्रभारी प्रधानाचार्य बद्रीप्रसाद शर्मा ने मुख्य प्रशासनिक अधिकारी केडी जोशी से अवकाश से लौटने पर चिकित्सा प्रमाणपत्र जमा कराने को कहा तो उन्होंने प्रभारी प्रधानाचार्य से अभद्रता कर गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। अभद्रता से संबंधित एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। कोतवाल चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि प्रधानाचार्य की तहरीर पर लिपिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं एसडीएम कफल्टिया ने स्कूल का निरीक्षण कर उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। उन्होंने मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के स्कूल से बाहर होने के बावजूद कुछ पटल की चाभी अपने साथ ले जाने को भी नियम के खिलाफ बताया। इधर, डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी ने विवाद की जांच का जिम्मा सीईओ को सौंपा है।