बनबसा (चंपावत)। तृतीय स्व. सूबेदार मोहन चंद मेमोरियल ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट में केनाल इलेवन और भजनपुर इलेवन की टीमों ने क्वार्टर फाइनल जीत फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
शुक्रवार को भजनपुर खेल मैदान में पहला सेमीफाइनल केनाल इलेवन और कारगिल क्लब के बीच हुआ। पहले बल्लेबाजी कर केनाल इलेवन ने सात विकेट पर 135 रन बनाए। जवाब में कारगिल इलेवन 41 रनों पर ढेर हो गई। केनाल की टीम ने मैच 94 रनों से जीता। दूसरा सेमीफाइनल ड्रीम इलेवन और भजनपुर इलेवन के बीच हुआ। पहले बल्लेबाजी कर ड्रीम इलेवन ने नौ विकेट पर 129 रन बनाए। जवाब में भजनपुर इलेवन ने आठ विकेट पर 130 रन बना मैच दो विकेट से जीत लिया। अंपायर दीपक चंद, दीपक कार्की, शिखर चंद रहे। स्कोरर साहिल रावत रहे। आंखों देखा हाल धर्मेंद्र पाल ने सुनाया। वहां ललित चौधरी, विनोद उप्रेती, चंद्र मोहन धानिक, अशोक कलखुड़िया, संदीप पाठक, हरीश पांडेय, जीवन चंद, ज्योति चंद, संजीव कुमार, ममता विश्वकर्मा, रामू चंद आदि थे। आयोजक शिव चंद ने बताया कि फाइनल मुकाबला केनाल और भजनपुर की टीमों के बीच रविवार को होगा।