लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट ब्लाॅक के ओखलंज गांव में तेंदुए की दस्तक से ग्रामीण सहमे हुए हैं। क्षेत्र में तेंदुआ और उसका शावक दिखने के बाद ग्रामीण दहशत में हैं।
पूर्व ग्राम प्रधान राकेश बोहरा ने बताया कि क्षेत्र में बृहस्पतिवार पांच फरवरी को दिन में एक तेंदुआ अपने शावक के साथ घूमता दिखा है। शुक्रवार को भी क्षेत्र में तेंदुआ शावक के साथ आवाजाही करता देख गया है। लगातार क्षेत्र में तेंदुआ दिखने से लोगों में डर का माहौल है। तेंदुए की डर से गांव से बाराकोट छात्र-छात्राएं समूह बनाकर स्कूल जा रहे हैं। महिलाएं भी जंगल जाने से कतरा रहीं हैं। तेंदुए की धमक के बाद क्षेत्र के लोग आवाजाही करने से डर रहे हैं। रेंजर आरके जोशी ने बताया ओखलंज में पिंजरा लगा हुआ है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वह सावधानी बरतें, बच्चों और महिलाओं को अकेले जंगल या खेतों में न जाने दें और मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखें।