अमोड़ी में बृहस्पतिवार को बहुउद्देशीय जनसुविधा शिविर का शुभारंभ विधायक कैलाश गहतोड़ी ने किया। शिविर में 106 समस्याएं रखी गई जिनमें अधिकतर समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। विधायक ने कहा कि सुदूर क्षेत्र की समस्याओं के गांवों में ही निदान और समाज के अंतिम व्यक्ति तक जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में बहुउद्देश्यीय शिविर मील का पत्थर साबित हो रहे हैं।
शिविर में एनएच चौड़ीकरण से हुए नुकसान की भरपाई, आर्थिक सहायता, पेंशन, चिकित्सा भुगतान, पेयजल, सड़क को रीठासाहिब तक कनेक्ट करने, क्षेत्रीय विद्यालयों में अध्यापकों की नियुक्ति करने, सड़क चौड़ीकरण में पेड़ों का मुआवजा देने, सिंचाई गूल मरम्मत करने आदि संबंधी समस्याएं रखी गईं। बाल विकास विभाग ने कन्या गोद भराई की।
अन्नप्राशन के साथ प्रमाण-पत्र बांटे। अधिकतर समस्याएं पेयजल, सड़क चौड़ीकरण, डामरीकरण, स्कूल उच्चीकरण, आर्थिक सहायता, विभिन्न विकास कार्यों के साथ सोलर लाइट, प्रधानमंत्री आवास से संबंधित रखी र्गईं। उद्यान, कृषि, सहकारिता विभाग ने बीज वितरण, जल संस्थान व विद्युत विभाग ने बिलों का सत्यापन व बिल जमा किए। डीएम एसएन पांडेय ने अधिकारियों को समस्याओं का संज्ञान लेकर समाधान करने को कहा।
शिविर में उद्यान, कृषि, समाज कल्याण, पर्यटन, बाल विकास, एलोपैथिक, आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक चिकित्सा, राजस्व, ग्राम्य विकास, भेषज, उद्योग, खादी ग्रामोद्योग, दुग्ध, वन, मत्स्य, स्वजल, सेवायोजन, मंडी समिति टनकपुर, परिवहन आदि विभागों ने विभागीय स्टाल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी।
ये अधिकारी रहे मौजूद
एसपी लोकेश्वर सिंह, एडीएम टीएस मर्तोलिया, एसडीएम अनिल गर्ब्याल, तहसीलदार खुशबू पांडेय, पुलिस क्षेत्राधिकारी ध्यान सिंह, डीडीओ एसके पंत, एडी डेयरी एनएस डुगंरियाल, सीवीओ डॉ. बीएस जंगपांगी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सहित सभी विभागीय अधिकारी, जिला पंचायत सदस्य दीपा जोशी, जिला पंचायत सदस्य टनकपुर किरन, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुंदर सिंह, प्रधान कोट अमोड़ी ललित मोहन भट्ट सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, जन सामान्य, अधिकारी उपस्थित रहे।