बस में बैठने के लिए जूझते यात्री
- फोटो : अमर उजाला
पीलीभीत से टनकपुर के बीच ट्रेनों का संचालन बंद होने और रोडवेज के पास पर्याप्त बसें न होने से यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। बुधवार को इस रूट पर बसें कम होने से यात्री वाहनों के लिए इधर-उधर भटकते रहे।
मां पूर्णागिरि मेले और पीक सीजन के कारण इन दिनों यात्रियों की खासी अधिकता बनी हुई है। ट्रेनों का संचालन बंद होने से यात्रियों का लोड रोडवेज की बसों पर बढ़ा है। मेले के मद्देनजर यूपी रोडवेज के रुहेलखंड डिपो में बरेली से टनकपुर के बीच करीब सवा सौ बसों का संचालन कर रही है, लेकिन टनकपुर डिपो के पास बसें कम होने से महज बाइस बसों का संचालन किया जा रहा है। बसों की कमी से यात्री खासे परेशान हो रहे हैं।
आए दिन बसें कम पड़ने से यात्रियों को गंतव्य की ओर जाने के लिए साधन नहीं मिल पा रहा है। बरेली रूट पर जिस दिन रुहेलखंड डिपो की बसों का संचालन कम हो रहा है उस दिन यात्रियों की परेशानी और बढ़ रही है। बुधवार को भी ऐसा ही होने पर बस स्टेशन में यात्री परेशान होकर इधर-उधर भटकते रहे। ऐसी स्थिति में यदि कोई बस पहुंची भी तो उसमें बैठने के लिए यात्रियों को काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। मंडलीय प्रबंधक लेखराज सिंह पांगती का कहना है कि यात्रियों की अधिकता को देखते हुए जितनी संभव हो पा रही है उतनी बसों को बरेली रूट पर भेजा जा रहा है। बावजूद इसके यात्री परेशान न हो इसकी व्यवस्था के लिए एआरएम संचालन को निर्देश दिए गए हैं।