टनकपुर (चंपावत)। नाबालिग छात्रा को बहला-फुसला कर भगा ले जाने के आरोपी खटीमा के पूर्व सभासद शिवलाल रस्तोगी को पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया है, जबकि छात्रा को मेडिकल परीक्षण के लिए चंपावत भेजा गया है। बृहस्पतिवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
टनकपुर के एक कॉलेज में पढ़ने वाली खटीमा की छात्रा को पूर्व सभासद शिवलाल नौ मई को बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। खोजबीन के बाद भी जब वह नहीं मिली तो छात्रा के पिता ने 11 मई को टनकपुर कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। तलाश में जुटी पुलिस ने मंगलवार को खटीमा से छात्रा और शिवलाल को बरामद कर लिया। बताया गया कि छात्रा को लखनऊ ले जाकर शिवलाल ने उसके साथ आर्य समाज मंदिर में विवाह भी कर लिया था।
कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने बताया आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 363, 366, 376, 420 व पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। कोतवाल ने बताया कि यहां संयुक्त चिकित्सालय में महिला चिकित्सक न होने से छात्रा को मेडिकल के लिए चंपावत भेजा गया है, बृहस्पतिवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।