चंपावत के दुधौरी में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता में मैन ऑफ द मैच खिलाड़ी को पुरस्कृत करते आयोजक।
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। अमोड़ी दुधौरी में शीतकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत शुक्रवार को खेेले गए मैचों में बुढ़म, दुधौरी बी और ऐड़ीसेरा की टीमों ने अपने-अपने मैच जीत कर अगले चरण में प्रवेश कर लिया है।
प्रतियोगिता का पहला मैच महाकाल और बुढ़म एकादश के बीच खेला गया। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए बुढ़म की टीम ने निर्धारित ओवरों में 100 रन बनाए। जवाब में महाकाल एकादश केवल 57 रनों पर ही सिमट कर रह गई। दूसरा मुकाबला दुधौरी बी और बेलखेत इलेवन के बीच खेला गया।
इसमें दुधौरी बी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवर में 150 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में बेलखेत की टीम 33 रनों पर ही ऑल आउट हो गई। दुधौरी की तरफ से राहुल सिंह ने सर्वाधिक 65 रन जुटाए। राहुल को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। तीसरा मैच बुढम और ऐड़ीसेरा के बीच खेला गया। इसमें बुढ़म टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 101 रन बनाए। जवाब में ऐड़ीसेरा की टीम ने दो बाल शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। अंपायर मुकेश चौहान और गंगा सिंह थे। आंखों देखा हाल संजय बिष्ट ने सुनाया।