एनएच के विस्तारीकरण कार्य से बीएसएनएल की संचार सेवा आए दिन बाधित रहने से उपभोक्ता खासे परेशान हैं। क्षेत्र की संचार सेवा फिर दो दिन से ठप है। ब्रांड बैंड, इंटरनेट सेवा भी बाधित रहने से सरकारी दफ्तरों और बैंकों में भी कामकाज प्रभावित हैं, लेकिन दूर संचार विभाग के अधिकारियों को लोगों को हो रही परेशानी से कोई सरोकार नहीं है।
विचई गांव के समीप पुलिया निर्माण के लिए एनएच की कार्यदायी एजेंसी ने डायवर्जन बनाने के लिए जेसीबी से खुदाई करते वक्त दूर संचार की ओएफसी क्षतिग्रस्त कर दी थी। इससे क्षेत्र में बीएसएनएल की संचार सेवा रविवार सुबह दस बजे से ठप है। सूचना के बावजूद विभाग द्वारा लाइन दुरुस्त करना तो दूर मौके पर झांकने तक कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा। ब्रांड बैंड और इंटरनेट सेवा भी ठप होने से उपभोक्ता परेशान हैं। विभाग के स्थानीय कार्यालय जाने पर वहां मिले कर्मचारी ने बताया कि विचई गांव के पास दूरसंचार की ओएफसी कट गई है। जिसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। उसने बताया कि हल्द्वानी से तकनीशियनों की टीम आकर क्षतिग्रस्त लाइन को दुरुस्त करेगी। बहरहाल खबर लिखे जाने तक तकनीशियनों की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी।