एसएसबी की 57 वीं वाहनी की ए कंपनी और पुलिस ने सुरक्षा के तहत क्षेत्र में सघन पेट्रोलिंग की। पेट्रोलिंग में एसएसबी का डाग स्क्वायड भी शामिल था।
उच्च अधिकारियों के निर्देश पर संवेदनशील भारत-नेपाल सीमा पर खास सतर्कता बरती जा रही है। पिछले दिनों राज्य में कई स्थानों पर संदिग्धों की धर पकड़ के बाद भारत-नेपाल सीमा प्रवेश द्वार बनबसा में एसएसबी और पुलिस को खास तौर पर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसबी 57वीं वाहनी के कमांडेंट केसी राना और एसपी डीएस कुंवर के निर्देश पर यहां संयुक्त निगरानी की जा रही है। सोमवार को सुरक्षा बलों ने रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, लाइनपार झोपड़ पट्टी, पाटनी तिराहा, मुख्य और मीना बाजार क्षेत्रों में सघन पेट्रोलिंग की। इस मौके पर एसएसबी की प्रभारी कमांडर एसआई पूनम सुरिन के नेतृत्व में एएसआई कैलाश चंद्र पाठक, एचसी राधाकृष्ण भट्ट और राजन सिंह, कांस्टेबल सुभाष रंजन, विनोद कुमार, डाग टोटो के साथ ट्रेनर संजय कुमार के अलावा थानाध्यक्ष विनोद यादव, कांस्टेबल चंद्र सिंह, संजय आदि शामिल थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि अधिकारियों ने संदिग्ध और अनजान व्यक्तियों के मिलने पर उनसे खुफिया विभागों के साथ कड़ी पूछताछ करने, बाहरी लोगों की सघन तलाशी लेने के निर्देश दिए हैं।