नगर में अराजक तत्वों का आतंक फिर से शुरू हो गया है। अराजक तत्वों ने सड़क किनारे खड़े दो वाहनों के शीशे तोड़ डाले। एक वाहन से टायर चोरी कर लिया है। अराजक तत्वों के भय से लोग घर के बाहर अपने वाहन खड़ा करने में डर रहे हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ उनके वाहनों की सुरक्षा करने की मांग की है।
शुक्रवार की रात को अराजक तत्वों ने डिग्री कॉलेज रोड पर पेयजल निर्माण इकाई में लगे वाहन (यूके 03/टीए 0810) का शीशा तोड़ डाला। शीशा तोड़ने के दरवाजे का ताला खोलकर वाहन के भीतर रखे टायर को साफ कर ले गए। वाहन स्वामी जीवन चंद्र जोशी ने बताया कि टायर की कीमत करीब चार हजार रुपये थी। चोरी की सूचना पुलिस को दी गई। दरोगा हेमंत सिंह कठैत और सिपाही ललित रावल ने मौका मुआयना किया। पुलिस अराजक तत्वों का पता लगाने के लिए जुटी है।
विज्ञापन
इसके अलावा डाकबंगला सड़क में एलआईसी कार्यालय के पास खड़ी एलआईसी अभिकर्ता नवीन चंद्र पांडेय की कार का रात करीब 10.15 बजे अराजक तत्वों द्वारा शीशा तोड़ दिया गया। आवाज सुनते ही नजदीक में रहने वाले कर्मचारी नेता नगेंद्र कुमार जोशी और अन्य लोग जागकर बाहर आ गए, मगर यह पता नहीं चल सका कि आवाज कहां से आई। लोगों की आवाज सुनकर कुछ ही देर बाद कार के पीछे छिपा एक व्यक्ति वहां से तेजी से शीतला माता मंदिर की ओर भाग गया।
मोहल्ले के लोगों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। लेकिन काफी खोजबीन के बाद कोई भी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया।