सरकारी सस्ते गल्ले की कालाबाजारी पकड़ी
- फोटो : अमर उजाला
लोहाघाट (चंपावत)। पुलिस ने 60 कट्टे सरकारी चावल से भरे दो पिकअप वाहनों को पकड़कर सीज कर दिया। बृहस्पतिवार शाम विधायक पूरन सिंह फर्त्याल की सूचना पर एसओ डीएल वर्मा ने दल-बल के साथ नगर में छापेमारी की, इसके बाद उन्हें डाक बंगला मार्ग पर एसबीआई के पास और हिटलर मार्केट के आगे एसएसबी के पास दो पिकअप वाहन में अवैध रूप से ले जाए जा रहे 30-30 कट्टे सरकारी चावल के मिले। पुलिस को देखकर एक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया, जबकि दूसरे चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
एसओ ने बताया कि सभी कट्टों में 50-50 किलो चावल भरा था। उन्होंने दोनों वाहनों को माल सहित सीज कर दिया है। उन्होंने इसकी सूचना डीएम और एसपी को दी। घटना की जानकारी मिलने पर रात को ही चंपावत से एसडीएम सीमा विश्वकर्मा और तहसीलदार नीलू चावला लोहाघाट पहुंचीं। एसओ वर्मा ने बताया कि सहायक खाद्य निरीक्षक मनोज साह ने कोलीढेक निवासी चालक राजेंद्र राम के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया सभी चावल के कट्टे सरकारी राशन के हैं। मामले की जांच की जा रही है। इधर, डीएसओ श्याम आर्या का कहना है कि यह राशन सरकारी है या नहीं, इसका पता जांच के बाद चलेगा।
दो वाहन में सरकारी राशन पकड़े जाने पर विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने रोष जताया। कहा कि अवैध रूप से सरकारी राशन को ठिकाने लगाने वालों का शीघ्र खुलासा होना चाहिए। दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। अगर इसकी उच्च स्तरीय जांच नहीं होगी तो आंदोलन होगा। उन्होंने सीधे कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कोटद्वार में भी इसी तरह की घटना हुई थी जो सरकार ने दबा दी। आरोप लगाया कि आरोपियों का पता होने के बावजूद प्रशासन असली दोषियों को पकड़ने में ढील बरत रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी राशन गरीबों को मिलना चाहिए था, उसका गलत उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केवल चालक को पकड़ा जाना न्यायसंगत नहीं है।