पुलिस हिरासत में चोरी की बाइकों के साथ पकड़ा गया आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ के बाइक चोर गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने चोरी की तीन बाइकों के साथ दबोचा है। बरामद बाइकों में से दो टनकपुर से और एक मेरठ से चुराई गई थी। मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक वार्ड संख्या एक निवासी अंशुल गुप्ता पुत्र ओम प्रकाश गुप्ता की हीरो ग्लैमर बाइक (यूके 03ए-3841) को मंगलवार रात करीब आठ बजे चुरा ली थी। इसके कुछ देर बाद वार्ड संख्या एक के दिव्याशु आर्य की यामाहा बाइक (यूके03ए-3841) को भी चुरा लिया गया। अंशुल ने बुधवार सुबह कोतवाली पुलिस के पास रिपोर्ट दर्ज कराई। नाकाबंदी कर बाइक चोरों की तलाश में जुटी पुलिस ने सैनिक छावनी के पास नेपाल बॉर्डर की ओर जा रहे चोर को मय बाइक पकड़ लिया।
कोतवाल वीसी शर्मा ने बताया कि पकड़े गया आरोपी बाजार अब्दुल्लापुर किला रोड, थाना भावनपुर कैंट मेरठ निवासी सलमान जैदी पुत्र हसन मियां है। उसकी निशानदेही पर चोरी की दो और बाइकें बरामद हुई है।
कोतवाल ने बताया कि बरामद हुई अन्य दो बाइकों में एक दिव्यांश आर्य की और दूसरी बाइक (डीएल 65 ए/ 4979) मेरठ से चुराई गई है। मेरठ पुलिस को भी चोरी की बाइक बरामद होने की सूचना दे दी गई है। कोतवाल ने बताया कि पकड़े गए आरोपी को पूछताछ के बाद आईपीसी की धारा 379 और 411 के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।