पूर्णागिरि मार्ग पर बाइक के आगे अचानक लंगूर के आने से रपटी बाइक में सवार तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया है। बरेली के तुमड़िया गांव निवासी बृजपाल (28) पुत्र मोती लाल अपने तीन वर्षीय पुत्र विशाल और रिश्तेदार विनीत (12) पुत्र वीरपाल को साथ लेकर बाइक से पूर्णागिरि दर्शन को आया था। बृहस्पतिवार की सुबह दर्शन कर लौटते समय वन निगम के डिपो संख्या 3 के पास उनकी बाइक के आगे अचानक लंगूर आने से बाइक अनियंत्रित होकर रपट गई।
हादसे में बाइक सवार तीनों लोग चोटिल हुए हैं। सूचना पर 108 वाहन के स्टाफ ने फौरन घटना स्थल पर पहुंच घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। चिकित्साधिकारी डा. वीके जोशी ने बताया कि तीनों घायल खतरे बाहर हैं, जिनका उपचार चल रहा है।