बुधवार रात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक सैनिक की मौत हो गई। वह बुधवार को ही छुट्टी लेकर फागपुर (बनबसा) स्थित अपने घर आया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। संदेह पर दुर्घटना में लिप्त एक ट्रक को पुलिस ने कब्जे में लिया है, जबकि उसका चालक फरार है। खबर लिखे जाने तक सैनिक के परिजनों ने हादसे की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी।
वहीं, बृहस्पतिवार को सैनिक का शारदा तट पर अंतिम संस्कार किया गया।
फागपुर बनबसा निवासी 15 महर रेजीमेंट में तैनात सैनिक होशियार सिंह (32) पुत्र दान सिंह बुधवार को छुट्टी पर घर पहुंचा था। घर में सामान रखकर वह रात करीब नौ बजे अपने साथी सैनिक को पिथौरागढ़ जाने के लिए टनकपुर छोड़ने आया था। रात करीब सवा 11 बजे वह बाइक (यूए 03/3802) से वापस घर लौट रहा था कि राजमार्ग पर विचई गांव के पास विपरीत दिशा से आए ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना पर सीओ आरएस रौतेला, कोतवाल वीसी शर्मा एवं उप निरीक्षक हरी राम महर फौरन मौके पर पहुंचे और घायल बाइक सवार सैनिक को संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। घायल सैनिक से पूछताछ कर पुलिस ने उसके परिजनों को दुर्घटना की सूचना दी। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद घायल को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
बताया गया कि परिजन इलाज के लिए उसे पीलीभीत ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। कोतवाल ने बताया कि संदेह के आधार पर दुर्घटना में लिप्त ट्रक (यूपी 20 टी/0240) को कब्जे में लिया गया है। खबर लिखेे जाने तक हादसे की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी। होशियार सिंह इन दिनों जम्मू-कश्मीर के राजौरी में तैनात था। बताया जाता है कि पिछले दिनों अपने कैंप में भी वो आतंकियों की फायरिंग में बच गया था। वो अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है। उसके पिता भी पूर्व सैनिक हैं। घर पर वृद्ध माता पिता के अलावा पत्नी नीमा और दो बच्चे हैं।