बनबसा (चंपावत)। बरसात में बनबसा को बाढ़ और जलभराव से बचाने को प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। एसडीएम हिमांशु कफल्टिया ने बताया कि बमनपुरी गांव के किनारे हुड्डीनदी से हो रहे भू कटाव की रोकथाम को लेकर डीएम ने 19 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं, इस पर जल्द काम शुरू कर दिया जाएगा।
एसडीएम ने बताया कि बरसात से पूर्व बिचई, बनबसा सेनाछावनी पर एनएच किनारे बरसाती पानी निकासी को लेकर नालियों का निर्माण किया जाना है। सेना छावनी स्थित बूचढ़ी नाले को भी साफ कराया जाएगा। जिन स्थानों पर पानी निकासी के मार्ग बंद हो गए हैं उन्हें भी समय से पूर्व साफ किया जाना है। देवीपुरा में कैनाल विभाग और अन्य बंद पड़े पानी निकासी नाले (ड्रेनेज) भी साफ कराऐ जाऐंगे।
एसडीएम ने बताया कि बनबसा के पश्चिमी छोर पर बहने वाली हुड्डी नदी मलवे (रिवर मैटीरियल) से भर जाने से बरसात में नदी का पानी ओवर फ्लो होकर गांव से बहने लगता है। चंदनी, आनंदपुर व बमनपुरी गांव को बाढ़ से बचाव व भूकटाव से बचाव को नदी में चुगान आवश्यक हो गया है। हुड्डी नदी व जगबूड़ा तक नदी के बीच से चुगान कराकर नदी के मैटीरियल को नदी के किनारे डंप कराए जाने की योजना है। उन्होंने बताया कि हुड्डी नदी का तल गांव से एक से दो मीटर ऊपर पहुंच गया है। इससे बनबसा में बाढ़ आती है। बताया कि बनबसा में देवीपुरा में बंद पड़े नाले ड्रेनेज खुलवाए जाएंगे।