टनकपुर (चंपावत)। कुछ दिन शांत रहने के बाद फिर क्षेत्र में मधुमक्खियां हमलावर हो गई हैं। पूर्णागिरि मार्ग पर ककराली गेट के पास सुबह घूमने निकले बुजुर्ग समेत दो लोगों को मधुमक्खियों ने घायल किया जिनका उप जिला अस्पताल में इलाज किया गया।
दीपावली में क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में मधुमक्खियों के हमलावर होने के मामले सामने आए थे। इस पर प्रशासन ने वन विभाग को हमलावर मधुमक्खियों के छत्तों के निस्तारण के निर्देश दिए थे। इस बीच कुछ दिनों से मधुमक्खियों के हमले कम हुए थे, लेकिन बुधवार सुबह ककराली गेट के पास घूमने निकल विष्णुपुरी कॉलोनी निवासी हरीश जोशी (62) और उचोलीगोठ निवासी हिमांशु (15) पुत्र रमेश सिंह को मधुमक्खियों डंक मार कर घायल कर दिया। स्वास्थ्य कर्मी अनूप ने बताया कि दोनों घायलों का प्राथमिक इलाज किया गया।