शौर्यचक्र विजेता सूबेदार प्रकाश चंद स्मृति फुटबाल टूर्नामेंट में बुधवार से क्वार्टर फाइनल मुकाबले शुरू हो गए हैं। मिनी स्टेडियम बनबसा और सर्राफा स्कूल खटीमा ने मैच जीतकर सेमी फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
सेना की सेकेंड ग्रिनेडियर्स बटालियन की ओर से चल रहे टूर्नामेंट में बुधवार को पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला मिनी स्टेडियम बनबसा और खटीमा फुटबाल क्लब के बीच खेला गया। शुरू की शुरुआत से दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन दूसरे हाफ में अंतिम क्षणों में बनबसा के खिलाड़ी विकास ने गोल दागकर टीम को 1-0 से जीत दिला दी। मैच के निर्णायक रवींद्र महर और दीपक पचौली थे। दूसरा मुकाबला सर्राफा पब्लिक स्कूल खटीमा और शिव क्लब चकरपुर के मध्य हुआ। मैच के पहले हाफ में सर्राफा ने गोल कर बढ़त बनाई, लेकिन दूसरे हाफ में शिव क्लब ने भी गोल कर मुकाबले को बराबर में लाकर खड़ा कर दिया। पेनाल्टी सूट से हुए निर्णय में सर्राफा स्कूल ने शिव क्लब को 3-2 से पराजित कर मैच जीता। निर्णायक लक्ष्मण सिंह पाटनी, प्रकाश सिंह और दीपक पचौली थे। सेकेंड ग्रिनेडियर्स के जवान धर्मवीर कौर व अनुज कुमार ने मैच का आंखों देखा हाल सुनाकर खिलाड़ियों को उत्साह बढ़ाया और दर्शकों को रोमांचित किए रखा। सूबेेदार मंगेज सिंह, सूबेदार रामलाल, सूबेदार देवेंद्र सिंह, नायब सूबेदार महेंद्र प्रताप, सूबेदार मेजर विनोद कुमार आयोजन की व्यवस्था में डटे रहे।