पाटी (चंपावत)। ग्राम पंचायत पटनगांव के बालीगांव तोक में हर घर नल हर घर जल पेयजल योजना का दो साल से कार्य पूरा नही होने की वजह से ग्रामीणों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा हैं। वर्ष 2023 में ठाड़खोला से बालीगांव तक चार किलोमीटर पेयजल योजना का कार्य दो साल से अधर में लटकने से लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। लोगों ने इसकी सूचना कई बार विभाग को दी, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। पेयजल योजना का कार्य पूरा नहीं होने से क्षेत्र की 500 से अधिक की आबादी को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं। ग्रामीण रमेश सिंह, पान सिंह, प्रवीन, राकेश सिंह, हरीश सिंह, दीपक सिंह, रमेश सिंह आदि का कहना है दो साल बीत जाने पर भी गांव तक पानी नहीं पहुंचा।
दूर दराज से ला रहे पानी
पाटी (चंपावत)। पेयजल योजना सुचारू नहीं होने से लोगों को पानी के लिए दो किलोमीटर दूर गाड़, गधेरों की दौड़ लगानी पड़ रही है। महिलाएं और बच्चे सुबह से शाम तक पानी के लिए गाड़, गधेरों के चक्कर लगाते रहते हैं। पेयजल निगम जूनियर अभियंता धीरज जोशी का कहना है कि संबंधित ठेकेदार ने समय से काम पूरा नहीं किया और इसे अधूरा छोड़ दिया। ठेकेदार को जल्द कार्य पूरा करने के आदेश दिए जाएंगे। संवाद
कोट
जहां सरकार हर घर नल हल घर जल का नारा लगा रही है। बालीगांव में 34 लाख की पेयजल योजना दो साल से उधर में लटकी पड़ी हैं। यह विभाग की कमियों को उजागर कर रही हैं। - रोशन लाल, प्रशासक बालीगांव।
कोट
विभाग को बार-बार सूचना देने के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हुई। बच्चों और महिलाओं का आधा समय पानी भरने में ही बीत रहा है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। - ललित सिंह, स्थानीय।