एडीएम हेमंत कुमार वर्मा की अगुवाई में सोमवार विभिन्न कार्यदायी विभागों के अधिकारियों ने एक बार फिर से दल, बल के साथ रोडवेज स्टेशन के निकासी गेट के पास की दुकानों के आगे का अतिक्रमण हटाया। स्टेशन के प्रवेश और निकासी द्वार में नाली के स्थान पर ह्यूम पाइप बिछाने के लिए दोनों स्थानों पर जेसीबी के माध्यम से खुदान किया गया। इस दौरान शांत बाजार में निकासी गेट के पास टनकपुर-पिथौरागढ़ रोड पर संगम होटल के आगे नालियों के ऊपर बिछे पटाल को हटाया गया।
जिला मुख्यालय में रोडवेज बस स्टेशन निर्माण की गतिविधियां इन दिनों चरम पर हैं। यदि सब कुछ ठीकठाक रहा तो आने वाले नए साल में रोडवेज की बसों का संचालन नवनिर्मित बस स्टेशन से हो सकेगा। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मनोज पांडेय ने बताया कि डीएम डॉ. अहमद इकबाल के निर्देश पर रोडवेज बस स्टेशन निर्माण की कार्रवाई तेजी से की जा रही है। रोडवेज स्टेशन के परिसर में चहारदीवारी का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है। जेसीबी के माध्यम से स्टेशन की भूमि को समतलीकरण कार्य जारी है। परिसर में सुलभ शौचालय का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है। वहां लोनिवि, ईई एनएच के साथ ही कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता, जिला स्तरीय अधिकारी थे।
बहुमंजिला पार्किंग, दुकानों के निर्माण की मांग
चंपावत। रोडवेज के निर्माणाधीन बस स्टेशन के भीतर बहुमंजिला पार्किंग, दुकानों के निर्माण की मांग भी जोर पकड़ने लगी है। स्थानीय नागरिक कैलाश चंद्र पांडेय, हरीश चंद्र, नवीन सिंह आदि का कहना है कि रोडवेज परिसर में पर्याप्त स्थान होने के कारण आसानी से बहुमंजिला पार्किंग बना कर रोडवेज की आय के स्रोत बढ़ाए जा सकते हैं जबकि इससे पूर्व व्यापारियों की ओर से विधायक कैलाश गहतोड़ी को ज्ञापन सौंपकर खेतीखान रोड पर स्थित रोडवेज की भूमि पर दुकानों के निर्माण की मांग उठाई जा चुकी है।