Athletics in Tanakpur Of SSJ University
टनकपुर (चंपावत)। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा की अंतर महाविद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता 23 से 25 दिसंबर तक स्थानीय स्टेडियम मैदान में होगी। इसकी मेजबानी टनकपुर महाविद्यालय को पहली बार मिली है। इसमें एथलेटिक्स के विभिन्न मुकाबलों में छात्र और छात्रा खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता की तैयारी के लिए प्राचार्य डॉ. एसके कटियार की अध्यक्षता में हुई कॉलेज प्रशासन की बैठक में विभिन्न आयोजन समितियां गठित कर प्राध्यापकों और कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
कॉलेज के क्रीड़ा प्रभारी डॉ. पंकज उप्रेती ने बताया कि अलग विश्वविद्यालय बनने के बाद आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता में अल्मोड़ा, भिकियासैंण, द्वाराहाट, पिथौरागढ़, लोहाघाट, चंपावत, अमोड़ी आदि महाविद्यालयों के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में विभिन्न वर्ग में दौड़, चक्काफेंक, भालाफेंक, लंबीकूद, ऊंचीकूद के मुकाबले होंगे। उन्होंने स्थानीय महाविद्यालय के इच्छुक खिलाड़ी छात्र-छात्राओं से कॉलेज के खेल विभाग में अपना पंजीकरण करवाने के लिए कहा है। तैयारी बैठक में प्राध्यापक डॉ. हरिओम सिंह, डॉ. एमपी शर्मा, डॉ. सुमन कुमारी, डॉ. विनीता तिवारी, डॉ. डीबी सिंह, डॉ. सुल्तान सिंह आदि थे।