फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Champawat News: एंगलर ने 15 और 19 किलो वजन की महाशीर मछली पकड़ी

Thu, 28 Sep 2023 11:00 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चम्पावत
विज्ञापन
शारदा में 19 किलो वजन की पकड़ी मछली दिखाता आखेटक। संवाद
विज्ञापन
टनकपुर (चंपावत)। बूम और चूका क्षेत्र में चल रही तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय एंगलिंग और रिवर राफ्टिंग के दूसरे दिन राफ्टिंग के सलालम मुकाबले हुए। इसमें चार महिला टीम समेत 15 टीम ने प्रतिभाग किया। चूका में हुए एंगलिंग मुकाबले में 19 एंगलर ने हिस्सा लेकर 15 और 19 किलो वजन तक की महाशीर मछली पकड़ी और नापजोख के बाद नदी में छोड़ दी।
विज्ञापन

एंगलर ने कहा कि शारदा का चूका क्षेत्र एंगलिंग के लिए बेहद अनुकूल और रोमांचक है। डीएम नवनीत पांडेय ने एंगलिंग और राफ्टिंग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। राफ्टिंग के सलालम मुकाबले के लिए नदी में अवरोधक बनाए गए थे जिन्हें पार कर राफ्ट को आगे बढ़ाना था।

राफ्टिंग के सलालम मुकाबले में लाइफ इज एडवेंचर, एएपीएफ नेपाल, गढ़वाल मंडल विकास निगम, एसडीआरएफ, बीएसएफ, उत्तराखंड पुलिस, रियल एडवेंचर, एसएसबी, अबविमास हिमाचल, सिक्किम राफ्टिंग, स्नो ट्राउट एडवेंचर टनकपुर, केएमवीएन और बीएसएफ समेत 15 टीम ने प्रतिभाग किया। इनमें चार महिला टीम भी शामिल हैं।
विज्ञापन

आयोजन में इंडियन कयाकिंग कैनोइंग एसोसिएशन की टीम के अलावा पर्यटन विभाग, मत्स्य विभाग, पुलिस विभाग के प्रशिक्षक, साहसिक खेल विभाग, केएमवीएन और हिमाचल प्रदेश से तकनीकी टीम सहयोग दे रही हैं।
नेपाल से लगे भारत के टनकपुर में अंतरराष्ट्रीय एंगलिंग और राष्ट्रीय राफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन गौरव की बात है। इससे भारत के सीमांत क्षेत्र के साथ ही नेपाल के सीमांत क्षेत्र में भी पर्यटन के विकास को गति मिलेगी। शारदा की लहरों में जो राफ्टिंग का रोमांच मिला है वह अद्भुत है। - देवराज जोशी, प्रबंधक, रिवर राफ्टिंग एजेंसी, नेपाल।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा पर टनकपुर में अंतरराष्ट्रीय एंगलिंग और राष्ट्रीय रिवर राफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन हुआ है। इससे क्षेत्र में पर्यटन के साथ ही रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। पड़ोसी देश नेपाल के भी इसमें प्रतिभाग करने से दोनों देशों को इसका फायदा मिलेगा। - अरविंद गौड़, जिला पर्यटन विकास अधिकारी, चंपावत।

डीएम ने भी लिया राफ्टिंग का आनंद
टनकपुर। डीएम नवीनत पांडेय ने भी शारदा में रिवर राफ्टिंग का लुत्फ उठाया। प्रतिभागियों को राफ्टिंग करता देख डीएम से रहा नहीं गया और उन्होंने भी शारदा की लहरों में आठ किमी की राफ्टिंग का आनंद लिया। संवाद
वुड क्राफ्ट और स्टोन आर्ट का स्टॉल लगा
टनकपुर। राष्ट्रीय राफ्टिंग प्रतियोगिता के आयोजन स्थल बूम घाट में रीड्स (रुरल एनवायरमेंटल एंड एजुकेशनल डेवलपमेंट सोसायटी) संस्था वुड क्राफ्ट और स्टोन आर्ट का स्टॉल लगाकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों को इस कला से रूबरू करा रही है। डीएम नवनीत पांडेय, उत्तराखंड पर्यटन विभाग के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी कर्नल अश्विन पुंडीर, जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़, एसएसबी के कमांडेंट अमित कुमार आदि ने स्टॉल का निरीक्षण कर वुड और स्टोन कला की प्रशंसा कर इसे आजीविका का अच्छा माध्यम बताते हुए और लोगों को भी इस कला से जोड़ने को कहा। वहां संस्था की अर्चना लोहनी, प्रशिक्षक मुकेश गड़कोटी, अश्वनी सिंह, पूर्णागिरि मंदिर समिति अध्यक्ष किशन तिवारी आदि मौजूद रहे। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें