लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट और बाराकोट में आंगनबाड़ी वर्कर्स ने सम्मानजनक मानदेय सहित विभिन्न मांगों के लिए बारिश में कार्य बहिष्कार जारी रखा।
बुधवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ती सेविका मिनी कर्मचारी संगठन की जिलाध्यक्ष मीना बोहरा के नेतृत्व में बाराकोट में और लोहाघाट ब्लाॅक अध्यक्ष कविता पंत की अध्यक्षता पर आंगनबाड़ी वर्कर्स बारिश के बाद भी तहसील परिसर लोहाघाट पर धरने पर बैठी। उनके धरने को यूकेडी कार्यकर्ता राजेंद्र पुनेठा ने पार्टी की ओर से समर्थन देकर कहा कि उनकी मांगें जायज है। सुबह से दिन भी ड्यूटी करने वाली मातृ शक्ति को नौ हजार की जगह 24 हजार रुपया मानदेय दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरकार का ही काम करती हैं तो उन्हें सम्मान जनक मानदेय भी मिलना चाहिए। सरकार ने नेताओं की तनख्वाह बढ़ाने में तो कोई कसर नहीं छोड़ी लेकिन मातृ शक्ति को एक भी सरकारी योजना का लाभ नहीं। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि करने और बायोमैट्रिक हटाने, अनियमित वेतन भुगतान को नियमित कर समय पर मानदेय देने, सेवानिवृत होने पर 10 लाख रुपये की एकमुश्त धनराशि देने, कार्यकर्ताओं को बीएलओ और अन्य गैर-विभागीय कार्यों में लगाई जाने वाली ड्यूटी पर फोन का रिचार्ज और टीए-डीए देने आदि की मांग उठाई।
इस मौके पर बाराकोट में ब्लाॅक अध्यक्ष दमयंती वर्मा, विमला अधिकारी, प्रेमा बोहरा, जानकी जोशी, परमेश्वरी, कुसुम अधिकारी, जस्सू सामंत, उर्मिला देवी, निशा आर्या, मीरा सामंत, शर्मिला बोहरा, पुष्पा बोहरा, जानकी देवी, बबीता बोहरा, हेमा कुंवर, सीमा जोशी आदि रहीं।