जीवन मेहता, रामलीला कमेटी अध्यक्ष
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। कोरोना काल में फैले डर और संक्रमण के कारण कुछ लोग अपनों की भी मदद करने में हिचक रहे थे। ऐसे दौर में स्थानीय युवा सामाजिक कार्यकर्ता सचिन जोशी जरूरतमंदों का सहारा बनकर आगे आए। प्रवासियों, बुजुर्गों से लेकर कोरोना संक्रमण वाले परिवार की मदद के लिए समर्पित रहे।
सचिन ने कोरोना काल में शहरों से घर लौटे प्रवासियों के लिए बने क्वारंटीन सेंटर में चाय, नाश्ते की व्यवस्था कर सेवा की मिसाल पेश की। क्वारंटीन सेंटरों में रह रहे लोगों को रक्षाबंधन पर राखी देकर सचिन ने घर से दूर होने का अहसास नहीं होने दिया। कोरोना का प्रकोप कम होने के बाद बुजुर्गों और बीमारों को गांवों से लोहाघाट अस्पताल लाकर कोरोना के टीके लगवाए। जरूरतमंद लोगों को निजी खर्च पर क्वारंटीन केंद्रों से घर तक पहुंचाया। दवाएं भी उनके घर पहुंचाईं। सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल का कहना है कि सचिन जैसे युवकों की सेवा से कोरोना की जंग जीतने में मदद मिली है।
सहमे लोगों को कोरोना से लड़ने का हौसला दिया मेहता ने
लोहाघाट (चंपावत)। श्रीराम सेवा सांस्कृतिक रामलीला कमेटी के अध्यक्ष जीवन सिंह मेहता ने अपनी टीम के साथ कोरोना काल में मैदानी क्षेत्रों से लौटे प्रवासियों की खूब सेवा की। जन सहयोग से विभिन्न होटलों, विद्यालयों आदि स्थानों में ठहरे प्रवासियों के लिए तीन माह तक भोजन की व्यवस्था की। कोरोना के खौफ से सहमे प्रवासियों को कोरोना से बचाव के लिए जागरूक किया। कोरोना महामारी से लड़ने के लिए लोगों में जोश भरा। मेहता के नेतृत्व में युवाओं की टोली ने गांवों में जाकर लोगों को कोरोना से बचाव के लिए जारी सरकारी निर्देशों की जानकारी दी। सबसे खास बात यह है कि महामारी से बचाव के लिए कुमाऊंनी गीत के जरिये निजी खर्च पर जागरूकता अभियान चलाया। इन दिनों वह लोगों को कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण की जरूरत बता रहे हैं।
सचिन जोशी, पूर्व जिपं सदस्य- फोटो : LOHAGHAT