चंपावत। जिला मुख्यालय में लंबी मशक्कत के बाद बुधवार को खुली अंग्रेजी शराब की दुकान का एक बार फिर से विरोध शुरू हो गया है। आबकारी विभाग की ओर से कुमाऊं मंडल विकास निगम की लीसा फैक्ट्री परिसर में स्थित एक गोदाम में बुधवार को शराब की दुकान खुलवाई थी। जहां बुधवार से बृहस्पतिवार दोपहर तक शराब की बिक्री की गई, लेकिन बृहस्पतिवार को दोपहर बाद स्थानीय खर्ककार्की की महिलाएं दुकान के विरोध में आ खड़ी हुईं।
महिलाओं ने शांतिपूर्ण तरीके से दुकान के आगे बैठकर विरोध जताया। इस कारण शराब की बिक्री प्रभावित रही। महिलाओं के आंदोलन को देखते हुए दुकान के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। महिलाओं का कहना था कि दुकान के पास जिला अस्पताल, बीएड कॉलेज सहित दो स्कूल हैं, लेकिन मानकों की अनदेखी कर खोली गई दुकान का हर स्तर पर विरोध किया जाएगा।
अलबत्ता बुधवार से खुली दुकान में दोपहर तक शराब लेने वालों का तांता लगा रहा। महिला मंगल दल अध्यक्षा चंद्रकला कार्की के नेतृत्व में विरोध, प्रदर्शन करने वालों में निर्मला, सरस्वती, गीता, जानकी, गायत्री, भवानी, कमला, सुमन, विमला, माधवी देवी, खीमा देवी, बबीता देवी आदि थीं।