टनकपुर डिपो की ओर से संचालित की जा रही सीमांत मंच तामली बस सेवा रोडवेज के लिए घाटे का सौदा साबित हो रही है। इस बस सेवा को चंपावत से तामली जाने के लिए बीते कई दिनों से एक या दो यात्री ही मिल रहे हैं, वह भी सीनियर सिटीजन। दो दिन पूर्व जहां रोडवेज की बस केवल एक सीनियर सिटीजन को छोड़ने के लिए 51 किमी दूर तामली गई तो दो दिन बाद केवल एक महिला सीनियर सिटीजन ने ही तामली तक यात्रा की। बस चालक सुधीर और परिचालक अमित ने बताया कि यह स्थिति कई दिनों से चल रही है।
सीमांत क्षेत्र के लिए रोडवेज बस सेवा का शुभारंभ करीब दो माह पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने किया था। रोडवेज की ओर से तामली-चंपावत-बरेली बस सेवा का संचालन शुरू किया। शुरुआत के कुछ दिनों तक तो बस सेवा ठीक चली, लेकिन उसके बाद बस में केवल सीनियर सिटीजन और छात्राओं के ही यात्रा करने से रोडवेज को घाटा होने लगा।
भाजपा नेता मदन सिंह महर का कहना है कि सीमांत तामली के लिए रोडवेज की बस सेवा शुरू किए जाने की मांग को लेकर तल्लादेश विकास महासंघ की ओर से पूर्व में जनांदोलन किया गया था। यदि बस के बरेली रूट में चलने पर यात्री नहीं मिल रहे हैं तो बस को तामली से दिल्ली के लिए संचालित करना चाहिए।
स्टेशन की दशा में सुधार नहीं हो रहा
चंपावत। जिला मुख्यालय में रोडवेज बस स्टेशन को लेकर लोनिवि से हस्तांतरित की गई भूमि में बस स्टेशन का बोर्ड तो लगा दिया गया है। लेकिन करीब तीन माह बीतने के बाद भी रोडवेज स्टेशन की दशा में कोई सुधार नहीं हो रहा है। वर्तमान में स्टेशन की देखरेख कर रहे आरसी पांडेय का कहना है कि यहां स्टेशन में सुविधाओं के विस्तार का आगणन उच्चाधिकारियों को भेजा गया है। जिसे मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।