बनबसा (चंपावत)। भारत-नेपाल के बीच वाहनों के लिए अब तक दिन में चार घंटे खुलने वाला बनबसा बैराज का गेट अब सात घंटे खुला रहेगा। यूपी और उत्तराखंड के प्रमुख सचिवों ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया है। खटीमा के विधायक पुष्कर सिंह धामी शनिवार को शासनादेश की प्रति लेकर बनबसा पहुंचे और शारदा हेडवर्क्स के एसडीओ को शासनादेश की प्रति सौंपी। बैराज गेट खुलने की अवधि बढ़ाए जाने का दोनों देशों के नागरिकों ने स्वागत किया है।
यूपी के प्रमुख सचिव दीपक सिंघल और उत्तराखंड के प्रमुख सचिव एमएच खान द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार वाहनों के लिए शारदा बैराज गेट प्रात: 6 से 8, 10 से 12, 2 से 4 और 6 से 7 बजे तक खोला जाएगा। इस मौके पर नेपाल वाणिज्य संघ उपाध्यक्ष जंग बहादुर मल्ल, कार्य समिति सदस्य माधव प्रसाद जोशी, प्रेम सिंह भाट, एसओ गड्डचौकी राजेंद्र बहादुर चंद, बनबसा व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय अग्रवाल, उपाध्यक्ष सोनू गुप्ता, सत्यनारायण गोयल, पुष्कर कापड़ी, हेमेंद्र रावत, विवेक अग्रवाल आदि मौजूद थे।