टनकपुर। स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम ने महर क्लब को हराकर ओपन चैलेंज कप क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया। बुधवार को तड़ागी इलेवन और स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम के बीच फाइनल मैच खेला जाएगा।
मंगलवार को टनकपुर स्टेडियम में स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम और महर क्लब के बीच सेमी फाइनल मैच खेला गया। मुख्य अतिथि समाजसेवी रिपुदमन सिंह तड़ागी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का उद्घाटन किया। पहले खेलते हुए महर क्लब ने निर्धारित ओवर में 134 रन बनाए। चंदन महर ने सबसे ज्यादा 25 बन बनाए। स्टेडियम के गेंदबाज अरुण ने तीन और नितीश ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम ने चार विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। स्टेडियम के बल्लेबाज महेश बोहरा ने 38 और हेमंत कापड़ी ने 33 रन बनाए। महर क्लब के गेंदबाज संजय ने दो और दीपक व चंदन ने एक-एक विकेट लिए। मैच के निर्णायक विवेक गंगवार और कमल भट्ट थे। आयोजक क्लब के दीपक सेठी ने बताया कि फाइनल बुधवार को खेला जाएगा।