बनबसा (चंपावत)। एनएचपीसी अतिथिगृह में प्रशासन और व्यापारियों के बीच समन्वय बैठक हुई, इसमें व्यापारियों द्वारा शारदा बैराज से नियमविरुद्ध दस टन से अधिक क्षमता की नेपाली बसों के संचालन और टूर एंड ट्रेवल्स के नाम पर डग्गामारी कर रही नेपाली बसों पर रोक लगाने पर चर्चा हुई। तय किया गया कि शारदा बैराज पुल से कितनी क्षमता तक के वाहनों का आवागमन किया जा सकता, इसके लिए रुड़की आईआईटी के विशेषज्ञों से बैराज की क्षमता की जांच कराई जाएगी।
मंगलवार को एसडीएम एके चन्याल की अध्यक्षता में प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियों और व्यापारियों के बीच हुई बैठक में नेपाली बसों द्वारा डग्गामारी करने और शारदा बैराज पर प्रतिबंधित होते हुए दस टन से अधिक क्षमता की बसों के संचालन पर चर्चा की गई। व्यापार मंडल अध्यक्ष भरत भंडारी ने नियमविरुद्ध संचालित हो रही नेपाली बसों के संचालन पर रोक लगाने की मांग की। व्यापार मंडल संरक्षक संजय अग्रवाल ने नव्वे वर्ष पुराने शारदा बैराज से तय दस टन क्षमता से अधिक की बसों के संचालन पर रोक लगाने की मांग की।
एसडीएम ने कहा कि शीघ्र ही जिलाधिकारी के माध्यम से रुड़की आईआईटी के विशेषज्ञों से बैराज की क्षमता की जांच कराने की मांग की जाएगी। टूर एंड ट्रेवल्स के नाम पर परमिट का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों और चालकों पर कार्रवाई की जाएगी। एआरटीओ और पुलिस संयुक्त कार्रवाई करेंगे। बैठक में यूपी सिंचाई विभाग के एसडीओ बृजेश मौर्य, एसएसबी एफ कंपनी के असिस्टेंट कमांडेंट कलजी सोढ़ा, कस्टम अधीक्षक एके सिन्हा, एआरटीओ वीके सिंह, थानाध्यक्ष मनीष खत्री, शारदा बैराज चौकी प्रभारी सुरेंद्र खड़ायत, एलआईयू प्रभारी भाष्कर बडोला, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष शंकर लाल वर्मा, संजय जोशी, दीपक रजवार आदि मौजूद थे।