टनकपुर (चंपावत)। उत्तरायणी मेले को लेकर हरेला क्लब ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। क्लब की बैठक में 13, 14 जनवरी को शहर के गांधी मैदान में लगने वाले मेले की तैयारी की गई। मेले व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न समितियां गठित कर सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
क्लब के अध्यक्ष धर्मेंद्र चंद ने बताया कि 13 जनवरी को उद्घाटन होगा। शारदा घाट से स्कूली बच्चों की झांकियां, छोलिया नृत्य के कलश यात्रा निकाली जाएगी। स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। मेले के दूसरे दिन 14 जनवरी को सब जूनियर, जूनियर वर्ग के स्कूली बच्चों की एकल, युगल सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। स्टार नाइट में बाहरी टीमों के साथ ही उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकगायकों द्वारा प्रस्तुति देंगे।
लक्की ड्रॉ से मेले का समापन होगा। तय किया गया है कि मेले में स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टालों के साथ ही कुमाऊंनी व्यंजनों के स्टाल भी लगाए जाएंगे। वहीं मनोरंजन के लिए झूले लगाए जाएंगे। सचिव अजय गुरुरानी ने संचालन किया। बैठक में शंकर दत्त गड़कोटी, डीडी भट्ट, भुवन जोशी, एलडी गहतोड़ी, कैलाश गड़कोटी, उमेश डुंगरिया, अनिल गड़कोटी, दिनेश चंद्र शास्त्री आदि थे।