अमर उजाला ब्यूरो लोहाघाट (चंपावत)। जनवरी माह के अंत तक लोहाघाट व्यापार संघ की नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। व्यापार मंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
सोमवार को व्यापार संघ महासचिव विपिन वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बताया गया कि पूर्व में निवर्तमान व्यापार संघ अध्यक्ष भैरव दत्त राय ने अपनी व्यस्तता के चलते अपने पद से इस्तीफा दिया गया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। नई कार्यकारिणी के गठन तक राय ही अध्यक्ष बने रहेंगे। वर्मा ने बताया कि एक से 10 जनवरी तक व्यापारियों की सदस्यता कराई जाएगी। जिसमें सदस्यता शुल्क हथरंगिया, मीना बाजार, गांधी चौक तक प्रकाश जोशी, विद्या भवन जगदीश खर्कवाल, धर्मानंद पांडेय, चौक बाजार से अतुल होटल तक भैरव राय, विपिन वर्मा, गणेश खर्कवाल, कीर्ति बगौली, शीतला माता मंदिर, हनुमान मंदिर, मोटर स्टेशन, टैक्सी स्टेंड, एलआईसी रोड तक भूपाल मेहता, गृह शोभा इंटरप्राइजेज, जीत सिंह माहरा, विक्की ओली और मनोज गर्ग आदि के पास जमा किया जाएगा।
सदस्यता शुल्क प्रत्येक व्यापारी से 150 रुपये होगा।
सदस्यता पूर्ण होने पर चुनाव संचालन समिति का गठन किया जाएगा। जनवरी माह के अंतिम सप्ताह पर व्यापार संघ की नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। इस मौके पर निवर्तमान व्यापार संघ अध्यक्ष भैरव राय, प्रकाश जोशी, वयोवृद्ध व्यापारी भीम दत्त बगौली, धर्मानंद पांडेय, खिलानंद जुकरिया, मंगत राम गर्ग, जगदीश खर्कवाल, कीर्ति बगौली, जीवन पुनेठा, गणेश दत्त खर्कवाल, भूपाल सिंह मेहता आदि मौजूद रहे।