चंपावत। स्वउत्थान और लडवाल फाउंडेशन की ओर से मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। डीएम डॉ. अहमद इकबाल और फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने समारोह का शुभारंभ किया। डीएम ने कहा कि जिंदगी एक परीक्षा है जिसमें मन और शरीर की एकाग्रता के साथ ठोस लक्ष्य निर्धारित कर अच्छा मुकाम हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न कालेजों के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में अव्वल स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र और धनराशि के चेक प्रदान किए गए। एसपी धीरेंद्र गुंज्याल ने छात्रों से कहा कि उत्साह की चिंगारी उज्ज्वल भविष्य में सहायक होगी। संजीव पांडेय ने कहा कि छात्र अपने आत्मविश्वास व सही सोच के साथ अपना लक्ष्य तय करें तो वह निश्चित आगे बढ़ सकते है।
कार्यक्रम में विवेकानंद विद्या मंदिर लोहाघाट के हाइस्कूल के छात्र भूपेंद्र सिंह कुल्याल, निधि मेहरा, दीपांशु जोशी एवं अभिषेक मेहता तथा इंटरमीडिएट में विद्या मंदिर लोहाघाट के कोमल देव तथा विद्या मंदिबर चंपावत के छात्र अमित सिंह तथा हर्षित पांडेय को प्रमाण पत्र एवं धनराशि के चेक प्रदान किए गए। इसके साथ ही जिले के विभिन्न स्कूलों में अच्छे अंक प्राप्त करनेे 80 छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में फाउंडेशन के उपाध्यक्ष शरद जोशी, सचिव संजय जोशी ने कहा कि जिले में अपनी कक्षाओं में अव्वल स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों को फाउंडेशन की ओर से सम्मानित किया जाता है। कार्यक्रम में फाउंडेशन अध्यक्ष नरेंद्र सिंह लडवाल, राजेंद्र कलसी, वीसी जोशी जिला शिक्षा अधिकारी बीएस राजपूत आदि मौजूद थे।